जमशेदपुर। भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा आठ दिनों तक मौसीबाड़ी (हितकू के वैष्णव पाड़ा स्थित दीपक दास के आवास) में प्रवास करने के बाद शुक्रवार को संपूर्ण वैदिक रीति-रिवाजों के साथ अपने मूल आवास कदमा लौट आए। इस अवसर पर निकाली गई बहुड़ा रथयात्रा (उल्टा रथ) में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरे मार्ग पर भक्तिमय माहौल बना रहा।
रथयात्रा कमेटी के सचिव बलराम दास एवं अध्यक्ष शरद चंद्र दास के नेतृत्व में निकली यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। आगे-आगे भगवान का सुसज्जित रथ चल रहा था, जबकि पीछे-पीछे महिलाएं और पुरुष भजन-कीर्तन करते हुए नृत्य कर रहे थे। श्रद्धालु प्रभु के रथ की पवित्र रस्सी खींचने के लिए उत्साहित नजर आए। पूरे मार्ग में “जय जगन्नाथ” के जयघोष से कदमा गांव भक्तिरस में सराबोर हो उठा।
बहुड़ा रथयात्रा के सफल आयोजन में रथयात्रा कमेटी के अध्यक्ष शरद चंद्र दास, सचिव बलराम दास, मदन मोहन दास, स्वपन कुमार दास, नागेंद्र नाथ दास, ईश्वर चंद्र दास, सनातन दास, समीर दास, राहुल दास, शिव शंकर दास एवं अशोक दास सहित कमेटी के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय श्रद्धालुओं का भी उल्लेखनीय सहयोग रहा।

















