जमशेदपुर। बागबेड़ा कॉलोनी रोड नंबर-1 स्थित प्राथमिक विद्यालय में लंबे समय से बनी प्रकाश व्यवस्था की समस्या का समाधान पंचायत समिति सदस्य झरना मिश्रा ने अपने निजी खर्च से कराया। उन्होंने विद्यालय के दोनों कमरों में चार एलईडी ट्यूब लाइट तथा परिसर के बाहर एक हैलोजन लाइट लगवाकर विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत प्रदान की।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिनों पूर्व विद्यालय परिसर में आयोजित पंचायत प्रतिनिधियों की बैठक में प्रधानाध्यापिका ने स्कूल में पर्याप्त रोशनी नहीं होने की समस्या उठाई थी। समस्या की गंभीरता को देखते हुए झरना मिश्रा ने तत्काल अपने निजी खर्च से लाइट लगाने का आश्वासन दिया था। शुक्रवार को उन्होंने अपना वादा पूरा करते हुए विद्यालय में चार एलईडी ट्यूब लाइट और एक हैलोजन लाइट लगवा दी।
नई प्रकाश व्यवस्था से अब विद्यार्थियों को बेहतर रोशनी में अध्ययन करने की सुविधा मिलेगी। वहीं शिक्षकों को भी पठन-पाठन कार्य में होने वाली कठिनाइयों से राहत मिलेगी। विद्यालय परिसर के बाहर हैलोजन लाइट लगने से शाम के समय अंधेरे की समस्या दूर होगी और असामाजिक तत्वों के जमावड़े पर भी अंकुश लगने की उम्मीद है।
इस अवसर पर झरना मिश्रा ने कहा कि विद्यालय की अन्य आवश्यक समस्याओं के समाधान के लिए भी वे निरंतर प्रयास करती रहेंगी, ताकि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका उषा कुमारी एवं शिक्षिका सरिता कुमारी ने इस पहल की सराहना करते हुए झरना मिश्रा के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, वार्ड सदस्य उमेश पांडे, सीमा पांडे, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा अनेक स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

















