बोलाईडीह हत्याकांड का आखिरी फरार आरोपी गिरफ्तार, शिबू गोप को पुलिस ने भेजा जेल

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur : आदित्यपुर थाना क्षेत्र के बोलाईडीह में 18 जुलाई 2026 को हुए चर्चित हत्याकांड में फरार चल रहे अंतिम नामजद आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान शिबू गोप (23) के रूप में हुई है, जिसे न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में आदित्यपुर थाना कांड संख्या 196/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(2), 61(2) एवं 34 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। गिरफ्तार आरोपी शिबू गोप, पिता विष्णु गोप, निवासी जगन्नाथपुर, गम्हरिया (थाना आदित्यपुर), घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी अपने इलाके में मौजूद है। सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की गई, जहां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस हत्याकांड में इससे पहले चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। शिबू गोप की गिरफ्तारी के साथ ही अब मामले के सभी नामजद अभियुक्त पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की अनुसंधान प्रक्रिया जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.