प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में सरायकेला-खरसावाँ का शानदार प्रदर्शन, 171% लक्ष्य हासिल कर राज्य में दूसरा स्थान

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Saraikela : प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) के तहत 15 जून से 15 जुलाई 2026 तक चलाए गए विशेष पंजीकरण अभियान में सरायकेला-खरसावाँ जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज करते हुए झारखंड में दूसरा स्थान हासिल किया है। वहीं, पूरे अभियान में झारखंड राज्य ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर राज्य के लिए गौरव का विषय बनाया है।

महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के निर्देश तथा उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह और उप विकास आयुक्त के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान के दौरान जिले को 1,202 पात्र लाभुकों के पंजीकरण का लक्ष्य मिला था। इसके विपरीत जिला प्रशासन ने 2,065 गर्भवती एवं धात्री महिलाओं का सफलतापूर्वक पंजीकरण कर लक्ष्य का 171 प्रतिशत हासिल किया। यह उपलब्धि प्रशासन की प्रभावी कार्यशैली, बेहतर समन्वय और जमीनी स्तर पर किए गए सतत प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है।

इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने की दिशा में केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र गर्भवती एवं धात्री महिला तक योजना का लाभ समय पर पहुंचे। अभियान की सफलता विभागीय समन्वय, निरंतर मॉनिटरिंग, क्षेत्रीय स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन तथा आमजन की सक्रिय भागीदारी का परिणाम है।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विशेष अभियान की उपलब्धि को नियमित पंजीकरण प्रक्रिया में भी कायम रखा जाए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को प्रत्येक पात्र लाभुक की पहचान सुनिश्चित कर समय पर योजना का लाभ दिलाने तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जन-जागरूकता अभियान निरंतर चलाने के निर्देश दिए।

उन्होंने इस उपलब्धि के लिए उप विकास आयुक्त, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सभी सीडीपीओ, महिला पर्यवेक्षिकाओं, आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहायिकाओं और अभियान से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना की। साथ ही योजना का लाभ लेने वाली सभी गर्भवती एवं धात्री महिलाओं का भी आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.