बढ़ते अपराध और भाजपा कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमों के विरोध में भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने SSP को सौंपा ज्ञापन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : शहर में लगातार बढ़ते अपराध, बिगड़ती कानून-व्यवस्था तथा भाजपा कार्यकर्ताओं पर दर्ज कथित निराधार मुकदमों के विरोध में भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो के साथ पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब से मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने शहर में बढ़ रही हत्या, लूट, चोरी, छिनतई एवं अन्य आपराधिक घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की मांग की। सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि हाल के दिनों में अपराध की घटनाओं में लगातार वृद्धि हुई है, जिससे आम नागरिकों में भय और असुरक्षा का माहौल बना है। उन्होंने मानगो डिमना रोड पर एक ही रात में नौ दुकानों में हुई चोरी की घटना का उल्लेख करते हुए अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी, कठोर कार्रवाई तथा संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने 3 जुलाई को आयोजित शांतिपूर्ण जमशेदपुर बंद के दौरान टेल्को थाना में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं एवं दर्जनों कार्यकर्ताओं पर गंभीर धाराओं में दर्ज प्राथमिकी पर भी आपत्ति जताई। भाजपा नेताओं का कहना था कि जनहित के मुद्दों को लोकतांत्रिक तरीके से उठाने वाले कार्यकर्ताओं पर गंभीर धाराएं लगाना अनुचित है। उन्होंने मामलों की निष्पक्ष समीक्षा कर निराधार धाराओं को हटाने और निर्दोष कार्यकर्ताओं को राहत देने की मांग की।

इसके अलावा, गोलमुरी थाना में दर्ज उस मामले को भी प्रतिनिधिमंडल ने उठाया, जिसमें कन्हैया यादव हत्याकांड के बाद सड़क जाम समाप्त कराने पहुंचीं जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू के साथ मौजूद भाजपा गोलमुरी मंडल अध्यक्ष बैजनाथ उपाध्याय (पप्पू उपाध्याय) एवं भाजपा कार्यकर्ता हरेराम यादव के विरुद्ध भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रतिनिधिमंडल ने इसे निराधार बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।

वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उठाए गए सभी बिंदुओं की निष्पक्ष जांच कर गंभीरता से समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के साथ-साथ संबंधित मामलों की भी पारदर्शी एवं विधिसम्मत जांच सुनिश्चित की जाएगी।

इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष संजीव सिंह, बबुआ सिंह, अमरजीत सिंह राजा, जिला महामंत्री राजीव सिंह, जिला मंत्री तन्मय झा सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें