Jamshedpur : गोलमुरी क्षेत्र के केबुल बस्ती स्थित सी.पी. समिति विद्यालय सभागार में रविवार को तेली साहू समाज की ओर से कर्मा महोत्सव सह मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में समाज के बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, युवा और बच्चों ने भाग लिया। पूरे आयोजन में पारंपरिक संस्कृति, सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे की अनूठी झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम में जमशेदपुर पूर्व की विधायक पूर्णिमा साहू मुख्य अतिथि तथा भाजपा पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रभारी दिनेश कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह का शुभारंभ अतिथियों ने माता कर्मा एवं माता राजिम के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान हाल ही में दिवंगत हुईं पद्म विभूषण पंडवानी लोकगायिका तीजन बाई को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए भारतीय लोककला एवं संस्कृति में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया गया।
इसके बाद समाज के बच्चों एवं युवाओं ने लोकगीत, लोकनृत्य और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
मुख्य अतिथि पूर्णिमा साहू ने अपने संबोधन में कहा कि कर्मा महोत्सव केवल एक पर्व नहीं, बल्कि समाज की सांस्कृतिक पहचान, सामाजिक समरसता और एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं, संस्कारों और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनते हैं तथा समाज की मजबूती उसकी एकजुटता में निहित है।
विशिष्ट अतिथि दिनेश कुमार ने कहा कि संगठित समाज ही विकास की मजबूत नींव रखता है। उन्होंने शिक्षा, सामाजिक सेवा, संस्कार और आपसी सहयोग को समाज की प्रगति का आधार बताते हुए कहा कि इस प्रकार के सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजन लोगों के बीच आत्मीयता, भाईचारा और संगठन की भावना को और सशक्त करते हैं।
समारोह के दौरान तेली साहू समाज, गोलमुरी क्षेत्र के अध्यक्ष खेमलाल साहू एवं महामंत्री गिरधारी साहू ने साकची, सोनारी और जुगसलाई क्षेत्र से आए समाज के पदाधिकारियों एवं महिला प्रतिनिधियों को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर समाज के केंद्रीय अध्यक्ष मनमोहन लाल साहू, केंद्रीय महामंत्री रामनरेश साहू, महिला अध्यक्ष जया साहू, हेमा साहू, खेमलाल चौधरी, गंगा प्रसाद साहू सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि कर्मा महोत्सव समाज को जोड़ने, सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है, जिसे प्रत्येक वर्ष पूरे उत्साह और भव्यता के साथ मनाया जाता है।









