Jamshedpur : एनटीटीएफ (आर.डी. टाटा टेक्निकल एजुकेशन सेंटर), गोलमुरी एवं टाटा स्टील फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में नए बैच के विद्यार्थियों के लिए आयोजित 10 दिवसीय ‘रोप-इन’ (Rope-In) प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन शनिवार को संस्थान के सभागार में उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। समापन समारोह में विद्यार्थियों ने योग, समूह पीटी, रचनात्मक गतिविधियों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अनुशासन, व्यक्तित्व विकास और टीम भावना का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। उनकी प्रस्तुतियों की उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों और शिक्षकों ने जमकर सराहना की।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि टाटा स्टील फाउंडेशन के ब्रिज किशोर सिंह, प्राचार्य प्रीता जॉन तथा उप-प्राचार्य पल्लवी चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विद्यार्थियों ने स्वागत गीत और प्रेरणादायी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया।
स्वागत भाषण में उप-प्राचार्य पल्लवी चौधरी ने कहा कि रोप-इन कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल संस्थान से परिचित कराना नहीं, बल्कि उनमें अनुशासन, समय प्रबंधन, नेतृत्व क्षमता, सकारात्मक सोच और टीम भावना विकसित करना भी है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को योग, शारीरिक प्रशिक्षण, संचार कौशल, मेमोरी तकनीक, टीम बिल्डिंग और व्यक्तित्व विकास जैसी गतिविधियों से जोड़ा गया।
मुख्य अतिथि ब्रिज किशोर सिंह ने कहा कि “टीम भावना और समय की प्रतिबद्धता ही सफलता का मूलमंत्र है।” उन्होंने विद्यार्थियों को नेतृत्व क्षमता विकसित करने, निरंतर सीखते रहने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि तकनीकी ज्ञान के साथ प्रभावशाली व्यक्तित्व और अनुशासन ही युवाओं को उद्योग जगत में सफल बनाता है।
प्राचार्य प्रीता जॉन ने कहा कि एनटीटीएफ का उद्देश्य उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप अनुशासित, कुशल और जिम्मेदार तकनीशियन तैयार करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई बातों को अपने जीवन और कार्यशैली में अपनाने का आह्वान किया।
समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। सर्वश्रेष्ठ दैनिक डायरी (बैच-1) में रीमा कर्मकार तथा (बैच-2) में आर्या श्रीवास्तव को पुरस्कार मिला। कोलाज प्रतियोगिता में बैच-1 से राज नंदिनी एवं सपना सिंह तथा बैच-2 से अवनीत संधू विजेता बने। सर्वश्रेष्ठ योग के लिए राज नंदिनी, सर्वश्रेष्ठ व्यायाम के लिए प्रिंस तिवारी तथा सर्वश्रेष्ठ अनुशासन में बालक वर्ग से करणदीप सिंह और बालिका वर्ग से साई पद्मा नंदा को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान योग एवं समूह पीटी का प्रदर्शन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। विद्यार्थियों की एकरूपता, अनुशासन और तालमेल ने यह संदेश दिया कि निरंतर अभ्यास और टीम भावना से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
अंत में उप-प्राचार्य पल्लवी चौधरी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए मुख्य अतिथि, अभिभावकों, शिक्षकों, प्रशिक्षकों और सहयोगी कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में मृण्मय कुमार महतो, ज्योति कुमार ठाकुर सहित संस्थान के सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।






