Jamshedpur : टाटा स्टील फाउंडेशन अपने ‘मानसी’ कार्यक्रम के तहत पूर्वी सिंहभूम जिले में मलेरिया नियंत्रण अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर व्यापक स्तर पर कार्य कर रहा है। फाउंडेशन की टीम पोटका, डुमरिया, घाटशिला, मुसाबनी, गोलमुरी-सह-जुगसलाई एवं बहरागोड़ा प्रखंडों में स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर मलेरिया जांच, जनजागरूकता और सामुदायिक भागीदारी को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभा रही है।
अभियान के तहत अब तक 64 मलेरिया जांच शिविरों का आयोजन किया जा चुका है। इन शिविरों में 72 सहियाओं के सहयोग से 4,665 लोगों की जांच की गई, जिनमें 239 लोग मलेरिया संक्रमित पाए गए। सभी संक्रमित मरीजों का स्वास्थ्य विभाग द्वारा समय पर उपचार शुरू कर दिया गया है।
फाउंडेशन की टीम गांव-गांव और घर-घर संपर्क अभियान चलाकर लोगों को जांच शिविरों तक पहुंचने के लिए प्रेरित कर रही है। साथ ही, दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों में मलेरिया से बचाव, समय पर जांच और उपचार को लेकर जागरूकता अभियान भी संचालित किए जा रहे हैं।
मलेरिया की रोकथाम के उद्देश्य से प्रभावित क्षेत्रों में 100 मच्छरदानियों का वितरण किया गया है, जबकि 500 अतिरिक्त मच्छरदानियां उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है। इसके अलावा, मलेरिया की त्वरित जांच के लिए आवश्यक रैपिड डायग्नोस्टिक किट (RDT) की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए भी स्वास्थ्य विभाग के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है।
टाटा स्टील फाउंडेशन ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय समुदाय के सहयोग से समय पर जांच, प्रभावी उपचार और जनजागरूकता के माध्यम से मलेरिया पर नियंत्रण के लिए संस्था निरंतर प्रतिबद्ध है। इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में मलेरिया संक्रमण को कम करना और लोगों को सुरक्षित एवं स्वस्थ जीवन उपलब्ध कराना है।









