डुमरिया पुलिस ने साइबर ठगी का किया खुलासा, 3.08 लाख की धोखाधड़ी में दो आरोपी गिरफ्तार

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम के डुमरिया थाना पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर पंजाब के पटियाला निवासी करण जैन से फर्जी लिंक भेजकर करीब 3.08 लाख रुपये की साइबर ठगी करने का आरोप है। मामले में एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस के अनुसार, साइबर थाना बिष्टुपुर से एनसीसीआरपी पोर्टल के प्रतिबिंब ऐप के माध्यम से प्राप्त सूचना के आधार पर डुमरिया थाना में कार्रवाई शुरू की गई। मामले की जांच के लिए मुसाबनी के पुलिस उपाधीक्षक रोहित कुमार रजवार के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया।

तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने खैरबनी, बॉकीशोल निवासी विकास बारिक (20) और अजय कुमार नायक उर्फ सोनू नायक (31) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों ने साइबर ठगी में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए अपने सहयोगी कृष्णा ओझा, निवासी दहीगोड़ा (घाटशिला) का भी नाम बताया।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन, बैंकिंग दस्तावेज, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड तथा गूगल पे के संदिग्ध लेन-देन से जुड़े दस्तावेज बरामद किए। जांच के दौरान मोबाइल फोन से संदिग्ध वित्तीय लेन-देन के भी प्रमाण मिले हैं।

इस मामले में डुमरिया थाना कांड संख्या 11/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं एवं सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(C) और 66(D) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का अब तक कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है। छापेमारी अभियान में डीएसपी रोहित कुमार रजवार, थाना प्रभारी पंचम तिग्गा तथा डुमरिया थाना की पुलिस टीम शामिल रही।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें