Jadugoda : मुसाबनी प्रखंड अंतर्गत राखा कॉपर बेस कैंप कॉलोनी में पिछले एक वर्ष से ग्रामसभा की बैठक नहीं होने और विकास कार्य ठप रहने का मामला सामने आया है। इसे लेकर भाजपा नेता बिक्रम सिंह ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) आदिति गुप्ता को ज्ञापन सौंपकर ग्रामसभा की प्रक्रिया शुरू कराने और क्षेत्र की जर्जर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।
सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि मुर्गाघुट्ट पंचायत के अंतर्गत आने वाले बेस कैंप कॉलोनी क्षेत्र में वर्षों से सड़क की मरम्मत नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे आमजन को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
भाजपा नेता बिक्रम सिंह ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के जनप्रतिनिधि इस इलाके को दूसरे पंचायत का हिस्सा बताकर अपनी जिम्मेदारी से बच रहे हैं, जिसके कारण विकास कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गए हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय से ग्रामसभा की बैठक नहीं होने से स्थानीय विकास योजनाएं भी लंबित पड़ी हैं।
उन्होंने बीडीओ से आग्रह किया कि ग्रामसभा क्षेत्र का शीघ्र निर्धारण कर नियमित बैठकें सुनिश्चित की जाएं तथा राखा कॉपर बेस कैंप कॉलोनी में जर्जर सड़क की मरम्मत एवं अन्य विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिल सके।









