Jamshedpur : तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने और मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से टाटा स्टील फाउंडेशन और अमेरिका स्थित सूरी सेवा फाउंडेशन ने अपनी साझेदारी का अगले चार वर्षों के लिए नवीनीकरण किया है। टाटा स्टील टेक्निकल इंस्टीट्यूट (टीएसटीआई), बर्मामाइंस में संचालित सूरी सेवा फाउंडेशन एकेडमिक एक्सीलेंस अवॉर्ड कार्यक्रम अप्रैल 2026 से नई अवधि के साथ जारी रहेगा। इसके लिए 18.5 लाख रुपये की परियोजना को मंजूरी दी गई है।
वर्ष 2020 में शुरू हुई इस पहल के तहत अब तक 33 मेधावी विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जा चुका है। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों में शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ-साथ उनके समग्र व्यक्तित्व विकास को भी प्रोत्साहित कर रहा है।
नवीनीकृत समझौते के अनुसार, सूरी सेवा फाउंडेशन प्रत्येक वर्ष टीएसटीआई के मेकाट्रॉनिक्स तथा इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के सात उत्कृष्ट विद्यार्थियों को स्कॉलर ऑफ द ईयर, प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार से सम्मानित करेगा। ये पुरस्कार टाटा स्टील के पूर्व समर्पित कर्मियों स्वर्गीय सरदार निरंजन सिंह और स्वर्गीय सरदार अमरजीत सिंह की स्मृति में प्रदान किए जाएंगे।
इस पहल की सफलता का उदाहरण टीएसटीआई की वर्ष 2022–25 बैच की छात्रा तनिषा गौतम हैं। वर्तमान में वह गुजरात के साणंद स्थित सीजी सेमी की सेमीकंडक्टर निर्माण इकाई में डिप्लोमा इंजीनियर ट्रेनी के रूप में कार्यरत हैं। हाल ही में भारत में व्यावसायिक स्तर पर निर्मित पहले ‘मेड इन इंडिया’ सेमीकंडक्टर चिप्स के लॉन्च अवसर पर उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संवाद करने का अवसर भी प्राप्त हुआ।
सूरी सेवा फाउंडेशन के डायरेक्टर ऑफ ऑपरेशंस एवं बोर्ड सदस्य कुलविन सूरी ने कहा कि फाउंडेशन, टाटा स्टील फाउंडेशन के साथ मिलकर भविष्य के नेतृत्वकर्ताओं को तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में जमशेदपुर समुदाय के लिए संस्था का सहयोग आगे भी जारी रहेगा।
टाटा स्टील फाउंडेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सौरव रॉय ने कहा कि सूरी सेवा फाउंडेशन का निरंतर सहयोग विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चार वर्षों में यह साझेदारी और अधिक छात्रों को सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
दोनों संस्थाओं ने कहा कि यह नवीनीकृत साझेदारी तकनीकी शिक्षा को सशक्त बनाने, कुशल मानव संसाधन तैयार करने तथा युवाओं को उद्योग और समाज के विकास में सार्थक योगदान के लिए तैयार करने की साझा प्रतिबद्धता का प्रतीक है।









