Jamshedpur : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान की प्रगति की समीक्षा को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ), उप निर्वाचन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ) सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में उपायुक्त ने गणना प्रपत्रों के वितरण एवं डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। उन्होंने विशेष रूप से उन विधानसभा क्षेत्रों एवं बूथों पर फोकस बढ़ाने को कहा, जहां अब तक प्रगति अपेक्षाकृत धीमी है।
समीक्षा के दौरान पाया गया कि गुड़ाबांदा, जुगसलाई, जेएनएसी, पटमदा तथा जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में डिजिटाइजेशन का कार्य अपेक्षित गति से नहीं चल रहा है। इस पर उपायुक्त ने संबंधित ईआरओ एवं एईआरओ को निर्देश दिया कि वे स्वयं बूथ लेवल ऑफिसरों (बीएलओ) से नियमित संवाद स्थापित कर कार्यों की लगातार निगरानी करें।
उन्होंने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के सबसे कम प्रगति वाले 20-20 बूथों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। साथ ही संबंधित एईआरओ को इन बूथों पर कार्यरत बीएलओ के कार्यों की प्रतिदिन समीक्षा कर प्रगति सुनिश्चित करने को कहा।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि ASDD (Absent, Shifted, Dead, Duplicate) श्रेणी से संबंधित सभी प्रविष्टियों का डिजिटाइजेशन तत्काल पूरा किया जाए, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में किसी प्रकार की देरी न हो।
बैठक के अंत में उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करते हुए SIR-2026 अभियान को समयबद्ध, पारदर्शी एवं सफलतापूर्वक पूर्ण करने के निर्देश दिए।









