Guwa : बराईबुरू और बोकना गांव के बीच मुख्य सड़क पर शुक्रवार शाम एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब पानी ढोने वाले एक छोटा हाथी वाहन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही मिनटों में वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। चालक की सूझबूझ से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार शाम करीब तीन बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चलते वाहन से अचानक धुआं निकलने लगा, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तत्काल वाहन सड़क किनारे रोक दिया और बाहर कूदकर अपनी जान बचाई।
बताया जाता है कि वाहन मेघाहातुबुरु निवासी रौशन का था, जो मेघाहातुबुरु से बड़ाजामदा की ओर जा रहा था। वाहन में दो बड़े पानी के टैंक लदे हुए थे। चालक ने साहस और तत्परता दिखाते हुए आग विकराल होने से पहले दोनों टैंकों को नीचे उतार दिया, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि टैंक वाहन पर ही रहते तो आग और अधिक भयावह रूप ले सकती थी।
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। सूचना मिलते ही बड़ाजामदा पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस तकनीकी खराबी सहित अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।
इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन वाहन पूरी तरह जल जाने से मालिक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना के बाद कुछ समय तक सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।








