जमशेदपुर प्रधान डाकघर में स्पीड पोस्ट सेल्फ बुकिंग कियॉस्क का शुभारंभ, अब मिनटों में होगी डिजिटल बुकिंग

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : डिजिटल भारत अभियान को नई गति देते हुए जमशेदपुर प्रधान डाकघर में शुक्रवार को अत्याधुनिक स्पीड पोस्ट सेल्फ बुकिंग कियॉस्क का शुभारंभ किया गया। इस नई डिजिटल सुविधा के शुरू होने से अब नागरिकों को स्पीड पोस्ट के माध्यम से चिट्ठी, दस्तावेज या पार्सल भेजने के लिए डाकघर के काउंटर पर लंबी कतार में खड़े होने की आवश्यकता नहीं होगी।

यह सेल्फ बुकिंग कियॉस्क पूरी तरह डिजिटल और स्वचालित प्रणाली पर आधारित है। इसके माध्यम से ग्राहक स्वयं अपने डाक का वजन कर सकते हैं, गंतव्य का विवरण दर्ज कर सकते हैं तथा यूपीआई, क्यूआर कोड, डेबिट या क्रेडिट कार्ड के जरिए ऑनलाइन भुगतान कर तत्काल बुकिंग रसीद प्राप्त कर सकते हैं। पूरी प्रक्रिया बिना किसी मानवीय हस्तक्षेप के पूरी होती है, जिससे सेवा अधिक तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक बन गई है।

इस अवसर पर वरीय डाकपाल सुधीर कुमार ने कहा कि यह पहल डाक सेवाओं के आधुनिकीकरण और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने शहर के नागरिकों, व्यापारियों और युवाओं से अपील की कि वे प्रधान डाकघर पहुंचकर इस नई डिजिटल सेवा का लाभ उठाएं और स्पीड पोस्ट की त्वरित एवं सरल बुकिंग सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करें।

डाक विभाग का मानना है कि सेल्फ बुकिंग कियॉस्क की शुरुआत से ग्राहकों का समय बचेगा, काउंटरों पर भीड़ कम होगी और डाक सेवाएं पहले की तुलना में अधिक तेज, पारदर्शी तथा प्रभावी बनेंगी। यह सुविधा डिजिटल इंडिया अभियान के तहत नागरिक सेवाओं को तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.