Jamshedpur: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने नगर विकास एवं आवास विभाग की 16.23 करोड़ रुपये से अधिक लागत की योजनाओं का शिलान्यास होने के बावजूद कार्य शुरू नहीं होने पर गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने इस मामले में विभाग के प्रधान सचिव को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप करते हुए योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित कराने की मांग की है।
सरयू राय ने अपने पत्र में बताया कि जमशेदपुर अक्षेस क्षेत्र में नगर विकास विभाग की 21 योजनाएं, जिनकी कुल लागत 3 करोड़ 24 लाख 78 हजार 599 रुपये है, जिला योजना समिति से स्वीकृत होने और निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद 14 मार्च 2026 को शिलान्यास किया गया था। इसके बावजूद अब तक किसी भी योजना पर कार्य शुरू नहीं हो सका है।
उन्होंने बताया कि इसी प्रकार मानगो नगर निगम क्षेत्र की 39 योजनाओं, जिनकी कुल लागत 12 करोड़ 99 लाख 19 हजार 117 रुपये है, का शिलान्यास 29 दिसंबर 2025 को किया गया था, लेकिन इन परियोजनाओं पर भी आज तक काम शुरू नहीं हुआ है।
विधायक ने कहा कि दोनों शिलान्यास कार्यक्रमों में वह स्वयं मौजूद थे। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि जनहित की योजनाओं के लिए विभाग से राशि उपलब्ध कराई गई, जिला योजना समिति ने स्वीकृति दी और शिलान्यास भी हो गया, लेकिन कार्य प्रारंभ नहीं होने से आम जनता को सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है।
सरयू राय ने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि वह कई बार जमशेदपुर अक्षेस और मानगो नगर निगम के अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकर्षित कर चुके हैं। संवेदकों की नियुक्ति हो जाने के बावजूद कार्य शुरू नहीं होना गंभीर प्रशासनिक लापरवाही का संकेत है।
उन्होंने नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव से मामले में आवश्यक कार्रवाई कर योजनाओं का शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का आग्रह किया है, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर परियोजनाएं पूरी हो सकें और लोगों को उनका लाभ मिल सके।









