Potka : पोटका प्रखंड में मलेरिया के बढ़ते संक्रमण के बीच विधायक संजीव सरदार सोमवार को प्रभावित गांवों के दौरे पर पहुंचे। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित राहत एवं बचाव कार्यों का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को घर-घर स्वास्थ्य जांच, दवा वितरण और डीडीटी छिड़काव में तेजी लाने के निर्देश दिए।
विधायक सबसे पहले सानग्राम गांव पहुंचे, जहां हाल ही में ब्रेन मलेरिया से एक छात्रा की मौत हुई थी। उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाए जा रहे जांच अभियान और डीडीटी छिड़काव का जायजा लिया। इस दौरान लोगों को मलेरिया से बचाव के उपाय अपनाने और लक्षण दिखाई देने पर तत्काल जांच कराने के लिए जागरूक किया।
इसके बाद विधायक हरिणा पंचायत के कोंदर गांव पहुंचे, जिसे मलेरिया का हॉटस्पॉट माना जा रहा है। यहां ब्रेन मलेरिया से दो बच्चों की मौत हो चुकी है। विधायक ने मृत बच्चों के पिता महावीर सरदार से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और आर्थिक सहायता भी प्रदान की। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी।
दौरे के दौरान विधायक संजीव सरदार ने कहा कि मलेरिया संक्रमण की श्रृंखला तोड़ने के लिए व्यापक स्तर पर डीडीटी छिड़काव और घर-घर स्वास्थ्य जांच आवश्यक है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को प्रभावित गांवों में अभियान और तेज करने का निर्देश देते हुए कहा कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
विधायक ने यह भी कहा कि पिछले दस वर्षों से केंद्र सरकार द्वारा संचालित डीडीटी छिड़काव बंद होने के कारण मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ा है। उन्होंने संक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए बड़े स्तर पर पुनः डीडीटी छिड़काव की आवश्यकता पर बल दिया









