नीमडीह में ग्राम सभा की बैठक संपन्न, पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था के तहत पदाधिकारियों का चयन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Chandil : नीमडीह प्रखंड की चलीयामा पंचायत स्थित बांधडीह आदिवासी कल्याण समिति सामुदायिक भवन में रविवार को ग्राम प्रधान भानु सिंह सरदार की अध्यक्षता में ग्राम सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आदिवासी पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था के तहत ग्राम के विभिन्न पदों के लिए पदाधिकारियों का चयन किया गया। चयनित पदाधिकारियों को संयोजक मंडली की ओर से प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।

बैठक में बड़ेदा पंचायत के मुखिया बरुण सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं संयोजक मंडली में सुधाकर सिंह, भोला सिंह सरदार, भानु सिंह, मदन सिंह, इंद्रजीत सिंह, दुर्योधन सिंह, जनार्दन सिंह और बैद्यनाथ सिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 29 जून को ग्राम सभा के प्रतिनिधि सामूहिक रूप से प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), नीमडीह को विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपेंगे। इस दौरान भूमिज समाज की पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था के अंतर्गत नाचा, डाकुआ एवं अन्य पारंपरिक पदों की भूमिका और उनके महत्व पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

वक्ताओं ने कहा कि जिले में रिक्त पड़े मानकी, मुंडा एवं डाकुआ पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जानी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि ग्राम सभाओं से पारित प्रस्ताव, हुकूकनामा, वंशावली तथा अन्य आवश्यक अभिलेखों के आधार पर नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।

बैठक में यह भी मांग उठाई गई कि रिक्त पदों पर नियुक्ति, मानकी एवं मुंडाओं के मानदेय का भुगतान तथा संबंधित अभिलेखों के निष्पादन की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए। ग्राम सभा के सदस्यों ने पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था को मजबूत करने तथा ग्राम स्तर पर जनभागीदारी को बढ़ावा देने का संकल्प भी लिया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें