Chaibasa : आदिवासी उरांव समाज संघ के 79वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को एमटीसी सदर अस्पताल, चाईबासा में एक दिवसीय स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 61 यूनिट रक्तदान किया। आयोजन के दौरान रक्तदान के साथ-साथ सड़क सुरक्षा के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया।
शिविर का उद्घाटन जुझार माझी, अंचलाधिकारी उपेंद्र कुमार, डॉ. शिव चरण हांसदा, अस्पताल उपाधीक्षक एवं अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर रक्तदाताओं को सुरक्षित यातायात के महत्व से अवगत कराते हुए हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का निरीक्षण पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार (आईएएस), चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी (आईएएस) तथा प्रशिक्षु आईएएस ईरा जोरवाल ने किया। उपायुक्त ने उरांव समाज के रक्तदान अभियान की सराहना करते हुए कहा कि समाज द्वारा जरूरतमंदों के लिए नियमित रूप से रक्त उपलब्ध कराने की पहल अनुकरणीय है।
शिविर में युवाओं के साथ बुजुर्गों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। विशेष आकर्षण 60 वर्षीय शंभू कच्छप रहे, जिन्होंने पहली बार रक्तदान किया। उनके इस प्रयास की उपायुक्त ने विशेष रूप से प्रशंसा की।
समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 30 जून को उरांव समाज का स्थापना दिवस मनाया जाता है। इसी उपलक्ष्य में रक्तदान शिविर का आयोजन कर समाज ने मानव सेवा का संदेश दिया।
शिविर को सफल बनाने में समाज के अध्यक्ष संचू तिर्की, सचिव अनिल लकड़ा, मुख्य सलाहकार सहदेव किसपोट्टा, कोषाध्यक्ष लक्ष्मण बरहा सहित समाज के पदाधिकारियों, स्वयंसेवकों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने सक्रिय योगदान दिया।









