Adityapur : ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र का तीन बार प्रतिनिधित्व कर चुके पूर्व विधायक अरविंद कुमार सिंह उर्फ़ मलखान सिंह का जन्मदिन रविवार को आदित्यपुर स्थित ओल्ड हाउसिंग कॉलोनी के एम-9 आवास पर सादगी और उत्साहपूर्ण माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों, समर्थकों और शुभचिंतकों ने पहुंचकर उन्हें जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
समारोह में जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अजय सिंह, भाजपा नेता शैलेंद्र सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हुए। सभी ने केक काटकर जन्मदिन की खुशियां साझा कीं और पुष्पगुच्छ, पौधा तथा अंगवस्त्र भेंट कर मलखान सिंह का सम्मान किया।
इस दौरान समर्थकों ने मिठाई खिलाकर उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सुख-समृद्धि की कामना की। जन्मदिन के मौके पर पटाखे भी छोड़े गए और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि मलखान सिंह ने लंबे समय तक जनसेवा और क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य किया है। उन्होंने उनके नेतृत्व, सामाजिक सरोकारों और विकासोन्मुख सोच की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। साथ ही विश्वास जताया कि वे भविष्य में भी समाज और क्षेत्र के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, महिला संगठन की सदस्याएं, विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी एवं सैकड़ों समर्थक उपस्थित रहे।









