Jamshedpur : पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और कानूनी अधिकारों को मजबूत करने की दिशा में ऑल इंडिया स्मॉल एंड मीडियम जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन (AISMJWA) ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। संगठन की ओर से निर्णय लिया गया है कि विभिन्न जिलों में पत्रकारों पर दर्ज होने वाले आपराधिक, मानहानि अथवा अन्य मामलों में उन्हें हाईकोर्ट तक निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
यह निर्णय एसोसिएशन के राष्ट्रीय महासचिव प्रीतम सिंह भाटिया और झारखंड प्रदेश अध्यक्ष नरेश प्रसाद श्रीवास्तव के नेतृत्व में रांची विधानसभा के समीप साईं धाम मंदिर परिसर में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में लिया गया। बैठक में पत्रकारों के हितों, सुरक्षा और कानूनी संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
एसोसिएशन के प्रदेश कानूनी सलाहकार एवं अधिवक्ता सुभाष कटरियार ने जानकारी देते हुए बताया कि रांची हाईकोर्ट तक पहुंचने वाले पत्रकारों के मामलों की पैरवी वरिष्ठ अधिवक्ता प्रसन्न कुमार निःशुल्क करेंगे। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को न तो अधिवक्ता शुल्क देना होगा और न ही कोर्ट फीस अथवा अन्य कानूनी खर्चों की चिंता करनी पड़ेगी।
बैठक के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता एवं साईं धाम ट्रस्ट के संस्थापक प्रसन्न कुमार ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और कई बार आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण न्यायिक लड़ाई लड़ने में कठिनाइयों का सामना करते हैं। ऐसे पत्रकारों और उनके परिवारों को न्याय दिलाने के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ सहयोग करेंगे।
उन्होंने कहा कि पत्रकारों की कानूनी लड़ाई अब केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि संगठनात्मक लड़ाई होगी। जरूरतमंद पत्रकारों को न्याय दिलाने के लिए वे तन, मन और धन से सहयोग देने को तैयार हैं।
इस अवसर पर प्रसन्न कुमार ने एसोसिएशन की नवगठित प्रदेश कमेटी को शुभकामनाएं देते हुए संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं राष्ट्रीय महासचिव प्रीतम सिंह भाटिया ने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना लोकतांत्रिक व्यवस्था की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।
प्रदेश अध्यक्ष नरेश प्रसाद श्रीवास्तव ने कहा कि संगठन केवल पत्रकारों की समस्याओं को उठाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उनके कल्याण और सुरक्षा के लिए ठोस कदम भी उठाएगा। उन्होंने जिला इकाइयों से समाज के विभिन्न वर्गों, उद्योगपतियों, समाजसेवियों, अधिवक्ताओं और स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ समन्वय बढ़ाने का भी आह्वान किया।
बैठक में प्रदेश कोषाध्यक्ष प्रविंद पांडेय, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दिनेश बनर्जी, धनबाद जिला अध्यक्ष राहुल कुमार, सदस्यता प्रभारी नागेंद्र कुमार, कोल्हान प्रभारी अजय महतो, बोकारो जिला अध्यक्ष प्रशांत कुमार सिन्हा, दिवाकर सिंह, सतीश प्रसाद, दिलीप चंद महतो सहित कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
प्रदेश प्रवक्ता राजेश कुमार सिंह द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि संगठन पत्रकार हितों को लेकर कई नई योजनाओं पर काम कर रहा है और आने वाले दिनों में एसोसिएशन एक नए स्वरूप में नजर आएगा।









