Jamshedpur : मारवाड़ी युवा मंच स्टील सिटी शाखा के सत्र 2026-27 के लिए युवा एवं ऊर्जावान समाजसेवी आकाश मोदी का अध्यक्ष पद पर निर्वाचन किया गया है। इसकी आधिकारिक घोषणा झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच के प्रांतीय अध्यक्ष विशाल पडिया, प्रांतीय महामंत्री दीपक गोयंका, पर्यवेक्षक विकास अग्रवाल एवं चुनाव पदाधिकारी प्रवीण अग्रवाल द्वारा रांची में की गई।
आकाश मोदी के अध्यक्ष निर्वाचित होने की घोषणा के साथ ही मंच परिवार और युवा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। संगठन के वरिष्ठ सदस्यों एवं पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में स्टील सिटी शाखा नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगी और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करेगी।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष आकाश मोदी ने अपने निर्वाचन पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल एक पद नहीं, बल्कि समाज और संगठन के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वे अपनी टीम के साथ मिलकर “जोश और होश” के समन्वय के साथ कार्य करेंगे तथा संगठन को नई ऊर्जा, नई सोच और नए आयाम देने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि मारवाड़ी युवा मंच हमेशा से सेवा, संस्कार और संगठन के मूल्यों पर आधारित रहा है। आगामी सत्र में युवाओं को संगठन से जोड़ने, रक्तदान, स्वास्थ्य जागरूकता, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास किया जाएगा।
आकाश मोदी ने कहा कि आज का युवा केवल भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की शक्ति है। युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देकर संगठन एवं समाज के विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पूर्व अध्यक्षों, वरिष्ठजनों, सदस्यों एवं प्रांतीय नेतृत्व के सहयोग से स्टील सिटी शाखा नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।
उन्होंने संगठन के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें मिला विश्वास और समर्थन उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है। वे सभी को साथ लेकर समन्वय और सहभागिता की भावना के साथ कार्य करेंगे तथा शाखा को सेवा और संगठन के क्षेत्र में अग्रणी बनाने का हरसंभव प्रयास करेंगे।
मारवाड़ी युवा मंच स्टील सिटी शाखा के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं शुभचिंतकों ने आकाश मोदी को अध्यक्ष निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। इस संबंध में जानकारी चुनाव पदाधिकारी प्रवीण अग्रवाल, चुनाव सह-पदाधिकारी मनीष बंसल एवं अरुण अग्रवाल द्वारा दी गई।








