217वीं वर्ष प्राचीन लेदा साल पहाड़ पूजा में शामिल हुए विधायक सोमेश चन्द्र सोरेन, विजेताओं को किया सम्मानित

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Ghatshila :  घाटशिला विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत हेंदलजुड़ी पंचायत के हलुदबनी गांव में आयोजित 217वीं वर्ष प्राचीन लेदा साल पहाड़ पूजा श्रद्धा, उल्लास और सांस्कृतिक उत्साह के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता, डांस धमाका एवं पारंपरिक मुर्गा पाड़ा कार्यक्रम में घाटशिला के युवा विधायक सोमेश चन्द्र सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

क्षेत्र की ऐतिहासिक और धार्मिक परंपराओं से जुड़े इस आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं ने भाग लिया। विधायक सोमेश चन्द्र सोरेन ने पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता एवं प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में मार्डी एंड मार्डी टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए सोरेन एफसी को पराजित कर खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को विधायक सोमेश चन्द्र सोरेन ने ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान किया। वहीं उपविजेता सोरेन एफसी को घाटशिला प्रखंड अध्यक्ष दुर्गा चरण मुर्मू ने सम्मानित किया।

प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल करने वाली बीजीपी बड़ा गोविंदपुर टीम को वरिष्ठ नेता जगदीश भक्त ने पुरस्कार प्रदान किया, जबकि चौथे स्थान पर रही उल्दा एफसी टीम को प्रखंड कोषाध्यक्ष बाबू लाल मुर्मू ने सम्मानित किया।

व्यक्तिगत पुरस्कारों में मार्डी एंड मार्डी टीम की स्वाति सोरेन को फाइनल मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। वहीं पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सोरेन एफसी के सूरज सोरेन को ‘टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी’ का पुरस्कार प्रदान किया गया।

अपने संबोधन में विधायक सोमेश चन्द्र सोरेन ने कहा कि 217 वर्षों से चली आ रही इस ऐतिहासिक पूजा परंपरा का आज भी उसी उत्साह, श्रद्धा और सामुदायिक भावना के साथ आयोजन होना क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत की मजबूती को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि धार्मिक परंपराओं के साथ खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन युवाओं को अपनी संस्कृति और सामाजिक मूल्यों से जोड़ने का कार्य करता है।

उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इतने बड़े कार्यक्रम का अनुशासित एवं व्यवस्थित संचालन आयोजकों की कड़ी मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने भविष्य में भी इस आयोजन को और अधिक भव्य एवं व्यापक स्वरूप में आयोजित किए जाने की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में झामुमो प्रखंड अध्यक्ष दुर्गा चरण मुर्मू, कोषाध्यक्ष बाबू लाल मुर्मू, वरिष्ठ नेता जगदीश भक्त, बड़ा दुर्गा मुर्मू, राजेश महतो, मनोज गोप, द्रोणा गोप, सागर पानी सहित झारखंड मुक्ति मोर्चा के कई नेता, कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें