Jamshedpur : जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में बढ़ती बिजली मांग और भीषण गर्मी के कारण उत्पन्न हो रही विद्युत समस्याओं को लेकर विधायक पूर्णिमा साहू ने पहल करते हुए झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) के जमशेदपुर महाप्रबंधक को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
विधायक पूर्णिमा साहू ने अपने पत्र में कहा है कि विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न बस्तियों में विद्युत उपभोक्ताओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसके कारण कई स्थानों पर स्थापित ट्रांसफार्मरों पर अत्यधिक भार पड़ रहा है, जिससे बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने, लो-वोल्टेज की समस्या उत्पन्न होने तथा ट्रांसफार्मरों के खराब होने जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी और नए बिजली कनेक्शनों को देखते हुए कई क्षेत्रों में ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाना तथा नए ट्रांसफार्मरों की स्थापना समय की आवश्यकता बन गई है।
विधायक ने बागुनहातु, साकची, छायानगर, भुइयांडीह, बाबूडीह, जोजोबेड़ा और बिरसानगर के विभिन्न इलाकों में स्थापित ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि की मांग की है। इसके अलावा बिरसानगर के जोन संख्या-6 स्थित मदर टेरेसा रोड, जोन संख्या-3 स्थित मुराकाटी तथा जोन संख्या-3ए में नए ट्रांसफार्मर स्थापित करने का अनुरोध किया है।
उन्होंने महाप्रबंधक से आग्रह किया है कि भीषण गर्मी और लगातार बढ़ रही विद्युत खपत को देखते हुए जनहित में इन प्रस्तावों पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध हो सके।
पूर्णिमा साहू ने कहा कि क्षेत्र के नागरिकों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं से प्राप्त शिकायतों और सुझावों के आधार पर लगातार जनसमस्याओं को संबंधित विभागों के समक्ष उठाया जा रहा है। उनका प्रयास है कि आम जनता को जल्द से जल्द राहत मिले और मूलभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाया जा सके।
उन्होंने विश्वास जताया कि बिजली विभाग जनहित को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कदम उठाएगा तथा क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में सकारात्मक कार्रवाई करेगा।









