Jamshedpur : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा जमशेदपुर महानगर द्वारा शुक्रवार को मानगो स्थित एसबीएम उच्च विद्यालय में चित्रांकन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, राष्ट्र निर्माण की भावना तथा विकसित भारत के संकल्प को प्रोत्साहित करना था।
प्रतियोगिता में 150 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता को जूनियर एवं सीनियर दो वर्गों में विभाजित किया गया था। जूनियर ग्रुप में कक्षा पांचवीं, छठी एवं सातवीं के विद्यार्थियों ने भाग लिया, जबकि सीनियर ग्रुप में कक्षा आठवीं, नौवीं एवं दसवीं के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
जूनियर ग्रुप के प्रतिभागियों को ‘2014 से 2026 तक के बारह वर्षों में भारत का विकास’ विषय दिया गया था, जबकि सीनियर ग्रुप के विद्यार्थियों ने ‘मिशन 2047 : विकसित भारत का सपना’ विषय पर चित्र बनाकर अपनी कल्पनाओं को अभिव्यक्त किया। विद्यार्थियों ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, आधारभूत संरचना के विकास, आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल प्रगति और विकसित राष्ट्र के संकल्प को अपने चित्रों में प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने बच्चों की रचनात्मक क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्र के प्रति सकारात्मक सोच, नवाचार और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा जगाते हैं।
प्रतियोगिता के परिणामों में जूनियर वर्ग में नव्या बालमुचू ने प्रथम, अंशिका शर्मा ने द्वितीय तथा रिश्मी कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सीनियर वर्ग में रिया दास प्रथम, हिमांशु मुखर्जी द्वितीय एवं अनुष्का कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। कार्यक्रम में भाजपा के जिला मंत्री तन्मय झा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।









