Saraikela : समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं और शिकायतों से संबंधित आवेदन उपायुक्त को सौंपे।
उपायुक्त ने एक-एक कर सभी फरियादियों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। कई मामलों में उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा। वहीं अन्य मामलों को संबंधित विभागों को अग्रसारित करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन का निर्देश दिया।
जनता दरबार में चांडिल प्रखंड के हमसदा क्षेत्र में सेविका चयन से जुड़े विवाद, अनुकंपा आधारित नियुक्ति, निर्धारित मजदूरी दर से कम भुगतान की शिकायतों सहित कई महत्वपूर्ण मामले सामने आए। इसके अलावा आदित्यपुर प्रखंड से भूमि विवाद का मामला भी पहुंचा, जिसमें पिता द्वारा भूमि विक्रय किए जाने के बावजूद पुत्र द्वारा जमीन पर कथित रूप से कब्जा बनाए रखने और अतिरिक्त राशि की मांग किए जाने की शिकायत दर्ज कराई गई।
इसके अतिरिक्त आदित्यपुर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान को जारी रखने, पेयजल आपूर्ति में सुधार, पीसीसी सड़क निर्माण तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए। स्वास्थ्य, शिक्षा, राशन कार्ड, पेंशन और अन्य जनहित से जुड़े मामलों को लेकर भी लोगों ने अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं।
उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह ने कहा कि साप्ताहिक जनता दरबार जिला प्रशासन और आम नागरिकों के बीच संवाद का एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रशासन नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि आम लोगों को शीघ्र राहत मिल सके और प्रशासन के प्रति उनका विश्वास मजबूत हो।









