सोनारी और कदमा के कई इलाकों का सरयू राय ने किया भ्रमण

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने शुक्रवार को सोनारी और कदमा के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर स्थानीय लोगों की समस्याओं का जायजा लिया। भ्रमण के दौरान उन्हें साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति, सड़क निर्माण और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी कई शिकायतें मिलीं। विधायक ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान का आश्वासन दिया।

अपने दौरे की शुरुआत सरयू राय ने सोनारी स्थित जॉगर्स पार्क से की। यहां मॉर्निंग वॉकर्स और स्थानीय नागरिकों ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस दौरान क्षेत्र के विकास कार्यों और जनहित के मुद्दों पर चर्चा भी हुई।

इसके बाद विधायक निर्मल बस्ती पहुंचे, जहां स्थानीय लोगों ने उन्हें कई दिनों से जमा कूड़े के ढेर की समस्या दिखाई। बस्तीवासियों ने बताया कि नियमित सफाई नहीं होने के कारण क्षेत्र में गंदगी फैल रही है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जाहिरा बस्ती में लोगों ने विधायक को नए बिछाए जा रहे पेबर्स ब्लॉक का कार्य दिखाया। स्थानीय निवासियों का आरोप था कि निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप नहीं हो रहा है। उनका कहना था कि पेबर्स ब्लॉक चलने पर हिलते हैं और नीचे पर्याप्त मात्रा में बालू नहीं डाला गया है, जिससे सड़क की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है।

पंचवटी नगर में लोगों ने बताया कि नाली निर्माण के लिए गड्ढा खोदकर छोड़ दिया गया है, जिससे राहगीरों को परेशानी हो रही है। इसके अलावा कई इलाकों में टाटा स्टील यूआईएसएल (पूर्व में जुस्को) द्वारा पर्याप्त जलापूर्ति नहीं किए जाने की शिकायत भी सामने आई।

इसी दौरान बलराम भट्ठा क्षेत्र की महिलाओं ने भी विधायक से मुलाकात कर अपने मोहल्ले की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया।


भ्रमण के अंतिम चरण में विधायक कदमा के शास्त्री नगर पहुंचे। यहां संतोषी माता मंदिर क्षेत्र और आसपास के बस्तीवासियों ने बताया कि चापाकलों से गंदा पानी निकल रहा है। लोगों ने यह भी शिकायत की कि छठ घाट निर्माण में तकनीकी खामियां हैं। घाट की सीढ़ियों के बीच अधिक दूरी होने से श्रद्धालुओं को चढ़ने और उतरने में परेशानी होती है।

स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए सरयू राय ने बताया कि हाल ही में उन्होंने उपायुक्त से मुलाकात कर बस्तियों में पानी और बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने में आ रही समस्याओं को उठाया है। उन्होंने उपायुक्त से टाटा स्टील यूआईएसएल और जेएनएसी की संयुक्त बैठक बुलाकर समस्याओं का समाधान करने का आग्रह किया है। उपायुक्त ने जल्द बैठक आयोजित करने का आश्वासन दिया है।

भ्रमण के दौरान विधायक के साथ जनसुविधा प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा, उत्तम कुमार, बाबू सिंह, नरेश बागती, प्रदीप सिंह, अजीत सिंह, भीम सिंह, मनोज सिंह, तारक मुखर्जी, केपी सिंह, संदीप सिंह सहित कई स्थानीय कार्यकर्ता और बस्तीवासी मौजूद रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.