बीडीओ की अनुपस्थिति को लेकर उपायुक्त से शिकायत, जांच व कार्रवाई की मांग

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : डुमरिया प्रखंड के निवासी बीरसिंह देवगम ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) की कथित लगातार अनुपस्थिति एवं जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही को लेकर पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को लिखित शिकायत सौंपते हुए मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, 29 मई 2026 को वह अपनी जनसमस्याओं के समाधान के लिए डुमरिया प्रखंड कार्यालय पहुंचे थे, लेकिन उस समय बीडीओ कार्यालय में उपस्थित नहीं थे। उन्होंने बताया कि मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास भी किया गया, किंतु फोन बंद होने के कारण संपर्क नहीं हो सका।

बीरसिंह देवगम का आरोप है कि कार्यालय कर्मियों एवं स्थानीय लोगों से जानकारी लेने पर पता चला कि बीडीओ अक्सर कार्यालय से अनुपस्थित रहते हैं तथा कभी-कभार आने पर भी अधिकांशतः अपराह्न 3 बजे के बाद ही कार्यालय पहुंचते हैं। उनका कहना है कि प्रखंड के प्रमुख प्रशासनिक पदाधिकारी की नियमित अनुपस्थिति के कारण आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ता है।

शिकायत में कहा गया है कि इससे न केवल आम लोगों को परेशानी हो रही है, बल्कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन एवं जनहित से जुड़े कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। शिकायतकर्ता ने उपायुक्त से मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित पदाधिकारी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने तथा प्रखंड कार्यालय में नियमित प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि आम जनता को समय पर सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए तथा प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास बना रहना आवश्यक है।

वहीं स्थानीय लोगों का भी कहना है कि यदि प्रखंड स्तर के अधिकारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित हो, तो आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो सकेगा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.