पंसस सुनील गुप्ता की पहल रंग लाई, दिव्यांग रवि शंकर मिश्रा को मिली बैटरी चलित ट्राई साइकिल

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत के पंचायत समिति सदस्य (पंसस) सुनील गुप्ता की पहल और लगातार प्रयासों से एक दिव्यांग व्यक्ति के जीवन में नई उम्मीद का संचार हुआ है। उनके प्रयास एवं पोटका विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजीव सरदार की अनुशंसा पर बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी रोड नंबर-4 निवासी रवि शंकर मिश्रा को बैटरी चलित ट्राई साइकिल उपलब्ध कराई गई।

जमशेदपुर प्रखंड स्थित बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) कार्यालय के माध्यम से रवि शंकर मिश्रा को बैटरी संचालित ट्राई साइकिल के साथ हेलमेट, बैटरी चार्जर, हवा भरने की मशीन और सुरक्षा के लिए वाहन लॉक भी प्रदान किया गया। ट्राई साइकिल प्राप्त करते ही रवि शंकर मिश्रा और उनके परिजनों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी।

करीब 50 वर्षों से दिव्यांगता के कारण सीमित दायरे में जीवन व्यतीत कर रहे रवि शंकर मिश्रा ने कहा कि अब वे अपनी जरूरतों के अनुसार स्वतंत्र रूप से विभिन्न स्थानों तक आ-जा सकेंगे। उन्होंने इस सुविधा के लिए सभी संबंधित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने बताया कि रवि शंकर मिश्रा और उनके परिवार के सदस्यों ने उनसे बैटरी चलित ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। इसके बाद उन्होंने तत्काल विधायक संजीव सरदार से संपर्क कर मामले की अनुशंसा करवाई, जिसके परिणामस्वरूप सीडीपीओ कार्यालय द्वारा यह सुविधा उपलब्ध कराई गई।

उन्होंने बताया कि रवि शंकर मिश्रा लगभग 100 प्रतिशत दिव्यांग हैं और पिछले कई दशकों से आवागमन में गंभीर कठिनाइयों का सामना कर रहे थे। ऐसे में बैटरी चलित ट्राई साइकिल उनके लिए आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

सुनील गुप्ता ने कहा कि समाज के जरूरतमंद और दिव्यांग लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पंचायत क्षेत्र में ऐसे अन्य पात्र लोगों की पहचान कर उन्हें भी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रहेगा।

स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे दिव्यांग व्यक्तियों को सम्मानजनक और आत्मनिर्भर जीवन जीने में मदद मिलेगी। लोगों ने इसे जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समन्वित प्रयास का सकारात्मक उदाहरण बताया।

इस अवसर पर सीडीपीओ कार्यालय के पदाधिकारी, जमशेदपुर प्रखंड प्रमुख पानी सोरेन, पंचायत समिति सदस्य, पंचायत प्रतिनिधि तथा क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.