मानगो में सोमवार से बड़े नालों की सफाई शुरू, गौड़ बस्ती की जलापूर्ति समय-सारिणी में होगा बदलाव

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : मानगो क्षेत्र की जनसुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर शनिवार को अपर नगर आयुक्त जीतेंद्र कुमार यादव और जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के जनसुविधा प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल के बीच महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में जलापूर्ति, नाला सफाई, स्ट्रीट लाइट एवं अवैध जल कनेक्शन जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान अपर नगर आयुक्त जीतेंद्र कुमार यादव ने बताया कि मानगो के बड़े नालों की सफाई का कार्य सोमवार से शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए नालों की नियमित सफाई आवश्यक है, ताकि जलजमाव की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि गौड़ बस्ती में पेयजल आपूर्ति के समय में बदलाव किया जाएगा। वर्तमान में वहां रात्रि 12 बजे से जलापूर्ति की जाती है, जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। अपर नगर आयुक्त ने कहा कि जलापूर्ति की नई समय-सारिणी निर्धारित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं। उल्लेखनीय है कि इस मुद्दे को विधायक सरयू राय ने विधानसभा में भी प्रमुखता से उठाया था।

बैठक में मुकुल मिश्रा ने आस्था स्पेस टाउन में बाइपास जलापूर्ति लाइन को शीघ्र चालू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इसके शुरू होने से शंकोसाईं, सुभाष कॉलोनी और कालिका नगर क्षेत्र में जलापूर्ति व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा तथा वर्तमान में मिलने वाली 40 मिनट की जलापूर्ति अवधि में लगभग एक घंटे की अतिरिक्त आपूर्ति संभव हो सकेगी। इस पर अपर नगर आयुक्त ने सहायक अभियंता को आवश्यक कार्रवाई कर लाइन को जल्द चालू करने का निर्देश दिया।

स्ट्रीट लाइट की समस्या पर चर्चा करते हुए मुकुल मिश्रा ने बताया कि क्षेत्र के लिए 351 नई स्ट्रीट लाइटें उपलब्ध हैं, जिनका शीघ्र वितरण और स्थापना आवश्यक है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों द्वारा अधिकारियों पर दबाव बनाकर कार्यों में अनावश्यक बाधा उत्पन्न की जा रही है। उन्होंने कहा कि जहां आवश्यकता है, वहां प्राथमिकता के आधार पर स्ट्रीट लाइट लगाई जानी चाहिए और जनहित के कार्यों को प्रभावित करने का कोई प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा।

बैठक में अवैध जल कनेक्शनों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। मुकुल मिश्रा ने सभी वैध जल कनेक्शनों का विवरण उपलब्ध कराने तथा क्षेत्र में वैध और अवैध कनेक्शनों की जांच कराने की मांग की। उन्होंने आशंका जताई कि अवैध कनेक्शनों के कारण नियमित उपभोक्ताओं को पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने सुझाव दिया कि अवैध कनेक्शनों को या तो नियमित किया जाए अथवा नियमों के अनुसार हटाया जाए।

अपर नगर आयुक्त जीतेंद्र कुमार यादव ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सभी मुद्दों की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। इस दौरान मुख्य रूप से पप्पू सिंह, संतोष भगत, पिंटू सिंह, प्रवीण सिंह और वीरू सिंह सहित अन्य लोग भी उपस्थित थे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.