Chaibasa : स्वच्छता एवं प्रभावी कचरा प्रबंधन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गुवा के पश्चिमी पंचायत भवन में भष्मीकरण यंत्र (इंसिनरेटर) स्थापित किया गया। इस अवसर पर पश्चिमी पंचायत की मुखिया पद्मिनी लागुरी ने ग्रामीणों को यंत्र की उपयोगिता, कार्यप्रणाली और इसके पर्यावरणीय लाभों की विस्तृत जानकारी देते हुए स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुखिया पद्मिनी लागुरी ने कहा कि भष्मीकरण यंत्र आधुनिक कचरा प्रबंधन का एक महत्वपूर्ण साधन है। इसके माध्यम से कचरे, जैविक अपशिष्ट, अस्पतालों के मेडिकल वेस्ट, मृत पशुओं के अवशेष तथा अन्य ज्वलनशील पदार्थों का सुरक्षित और वैज्ञानिक तरीके से निपटान किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि उच्च तापमान पर अपशिष्ट पदार्थों को जलाकर नष्ट करने से संक्रमण फैलने की आशंका कम होती है और पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने में मदद मिलती है।
उन्होंने कहा कि पंचायत क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए यह पहल की गई है। भष्मीकरण यंत्र के उपयोग से कचरे का बेहतर प्रबंधन संभव होगा, जिससे आसपास गंदगी कम होगी और ग्रामीणों को स्वच्छ वातावरण मिल सकेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे कचरे को इधर-उधर फेंकने के बजाय निर्धारित स्थानों पर डालें तथा स्वच्छ पंचायत निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को भष्मीकरण यंत्र की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया। साथ ही उन्हें बताया गया कि किस प्रकार यह उपकरण सार्वजनिक स्वास्थ्य की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए पंचायत क्षेत्र को स्वच्छ, स्वस्थ और प्रदूषण मुक्त बनाने में सहयोग करने का संकल्प लिया। स्थानीय लोगों का मानना है कि यह कदम न केवल स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करेगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा। कार्यक्रम का समापन स्वच्छ गांव, स्वस्थ समाज और बेहतर पर्यावरण के संकल्प के साथ हुआ।









