विश्व पर्यावरण दिवस पर ‘अस्तित्व’ का हरित अभियान, शहरभर में लगाए गए 200 से अधिक पौधे

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सामाजिक संस्था अस्तित्व द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत लगभग 200 फूलदार पौधों के साथ-साथ औषधीय, फलदार एवं छायादार वृक्ष लगाकर पर्यावरण संरक्षण और हरियाली संवर्धन का संदेश दिया गया।

संस्था द्वारा लगाए गए पौधों में आम, जामुन, कटहल, अमरूद, आंवला, गुड़हल, नीम, शीशम, जारुल, अमलतास, करंज सहित कई महत्वपूर्ण प्रजातियां शामिल थीं। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना था।

अभियान की शुरुआत टेल्को आमबागान क्षेत्र से हुई, जहां महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती कल्याणी शरण, राजीव शरण, महेश शरण एवं रितेश शरण सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इसके बाद बर्मामाइंस थाना परिसर में भी पौधारोपण किया गया, जहां बड़ी संख्या में पौधे लगाए गए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डीएसपी संजीव कुमार एवं बर्मामाइंस थाना प्रभारी निरंजन कुमार उपस्थित रहे। डीएसपी संजीव कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की।

संस्था की सचिव श्रीमती मीरा तिवारी ने कहा कि लगातार बढ़ती गर्मी और ग्लोबल वार्मिंग मानव जीवन के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है। उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में एयर कंडीशनर और ऊर्जा संसाधनों के बढ़ते उपयोग से पर्यावरण पर दबाव बढ़ रहा है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति यदि एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे तो पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

जिला अध्यक्ष श्रीमती अन्नू चौबे ने कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल पर भी विशेष ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने लोगों से वृक्षारोपण को सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में गंगाधर पाण्डेय का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर पंचायत सदस्य सुनील गुप्ता, बबलू कुमार सिंह, दीपु तिवारी, अमित सिंह, पंडित मनमोहन चौबे, अनिता देवी, अमृता तिवारी, संगीता देवी, मौ आचार्या सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिक, मीडिया प्रतिनिधि एवं बर्मामाइंस थाना के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने, अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.