एनटीएचए के कैडेटों का एशिया कप में जलवा, आशीष की हैट्रिक से भारत सेमीफाइनल में; पाकिस्तान से होगा मुकाबला

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : नवल टाटा हॉकी अकादमी (एनटीएचए) के लिए यह गर्व और ऐतिहासिक उपलब्धि का क्षण है। अकादमी के दो प्रतिभाशाली कैडेटों ने जापान के काकामिगाहारा में आयोजित पुरुष अंडर-18 हॉकी एशिया कप 2026 में शानदार प्रदर्शन कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।

भारत ने अपने अंतिम पूल मुकाबले में चीनी ताइपे को 13-1 के विशाल अंतर से पराजित कर टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में दमदार अंदाज में प्रवेश किया। इस शानदार जीत के साथ भारतीय टीम अब 5 जून को होने वाले बहुप्रतीक्षित सेमीफाइनल मुकाबले में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से भिड़ेगी।

मुकाबले के नायक एनटीएचए के उभरते सितारे आशीष रहे, जिन्होंने अपने बेहतरीन कौशल, गति और सटीक फिनिशिंग का प्रदर्शन करते हुए शानदार हैट्रिक जमाई। एशियाई मंच पर उनके इस शानदार प्रदर्शन ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। उत्कृष्ट खेल के लिए आशीष को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ के सम्मान से भी नवाजा गया।

वहीं, अकादमी के एक अन्य प्रतिभाशाली कैडेट प्रेमचंद सोय ने भी एक महत्वपूर्ण गोल दागकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा मिडफील्ड में उनकी प्रभावशाली मौजूदगी, बेहतरीन विजन और रणनीतिक समझ ने भारतीय टीम के आक्रामक खेल को मजबूती प्रदान की। पूरे मुकाबले के दौरान उन्होंने खेल की गति को नियंत्रित करते हुए टीम के प्रदर्शन को नई ऊर्जा दी।

इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए नवल टाटा हॉकी अकादमी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर गुरमीत सिंह राव ने कहा कि एशिया कप जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच पर अकादमी के खिलाड़ियों को देश का प्रतिनिधित्व करते हुए देखना पूरे एनटीएचए परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि आशीष की हैट्रिक और प्रेमचंद सोय का प्रभावशाली प्रदर्शन उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और अकादमी में दिए जा रहे विश्वस्तरीय प्रशिक्षण का परिणाम है।

उन्होंने भारतीय टीम को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले सेमीफाइनल मुकाबले के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि टीम इसी तरह शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए देश को गौरवान्वित करेगी।

अब सभी की निगाहें 5 जून को होने वाले भारत-पाकिस्तान सेमीफाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां भारतीय टीम फाइनल में जगह बनाने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

Leave a Comment

The specified slider does not exist.

और पढ़ें