Potka : हरियाणा के गुरुग्राम में हुए दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले पोटका प्रखंड के मजदूरों के परिजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पूर्व जिला पार्षद करुणामय मंडल ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया है।
ज्ञात हो कि गुरुग्राम हादसे में पोटका प्रखंड अंतर्गत हाथीबिंधा पंचायत के बनगोड़ा गांव के चार मजदूरों की असामयिक मौत हो गई थी। घटना के बाद पूर्व जिला पार्षद करुणामय मंडल पीड़ित परिवारों के घर पहुंचे थे और उन्हें ढांढस बंधाते हुए सरकारी सहायता एवं योजनाओं का लाभ दिलाने का आश्वासन दिया था। उन्होंने कहा था कि मृत्यु प्रमाण पत्र उपलब्ध होते ही आवश्यक कागजी प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
मृत्यु प्रमाण पत्र प्राप्त होने के बाद पीड़िता अंबिका गोप एवं मृतक भागीरथ गोप की पत्नी झरना गोप पूर्व जिला पार्षद के आवासीय कार्यालय पहुंचीं, जहां उनके तीन नाबालिग पुत्रियों को —
1. सुलेखा गोप (15 वर्ष)
2. राधिका गोप (13 वर्ष)
3. पायेल गोप (10 वर्ष)
“स्पॉन्सरशिप योजना” का लाभ दिलाने हेतु आवेदन प्रक्रिया पूरी कराई गई। आवेदन पत्र भरने के साथ आवश्यक दस्तावेज संलग्न किए गए तथा आय प्रमाण पत्र सहित अन्य जरूरी कागजात तैयार किए जा रहे हैं।
बताया गया कि परिवार की बड़ी बेटी एवं छोटे बेटे की आयु योजना की पात्रता के दायरे में नहीं आने के कारण उन्हें इस योजना में शामिल नहीं किया जा सका।
करुणामय मंडल ने कहा कि अन्य पीड़ित परिवारों को भी सरकारी योजनाओं का समुचित लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा और जल्द ही सभी प्रक्रियाएं पूरी कर ली जाएंगी। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत बताया।













