Manoharpur : मनोहरपुर थाना क्षेत्र के मधुपुर गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 64 वर्षीय महिला गंभीर रूप से झुलस गई। महिला खेत जाने के दौरान बिजली करंट की चपेट में आ गई। घटना के बाद उसे तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मनोहरपुर में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला सुबह अपने खेत में लगी मूंग की फसल निकालने जा रही थी। इसी दौरान खेतों से होकर गुजर रहे सिंचाई कार्य में उपयोग किए जा रहे बिजली प्रवाहित तार की चपेट में आ गई। करंट लगने से महिला का एक हाथ और पैर गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए महिला को करंट की चपेट से बाहर निकाला। स्थानीय लोगों की सूझबूझ और तेजी से कार्रवाई के कारण बड़ा हादसा टल गया। इसके बाद परिजन एवं ग्रामीण घायल महिला को इलाज के लिए सीएचसी मनोहरपुर लेकर पहुंचे।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जानकारी जुटाने और आवश्यक कार्रवाई में लगी हुई है। वहीं ग्रामीणों ने खेतों में खुले बिजली तारों को लेकर चिंता जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।













