Chaibasa : भारतीय जनता पार्टी के पश्चिम सिंहभूम जिला अध्यक्ष के रूप में नियुक्ति के बाद पूर्व विधायक गुरचरण नायक के मनोहरपुर एवं आनंदपुर दौरे को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। शनिवार को मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मनोहरपुर और आनंदपुर मंडल पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने फूल-माला पहनाकर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में मनोहरपुर मंडल अध्यक्ष बहनू तिर्की एवं आनंदपुर मंडल अध्यक्ष उमेश रवानी ने कहा कि गुरचरण नायक लंबे समय से संगठन के प्रति समर्पित होकर कार्य करते आ रहे हैं। उनके नेतृत्व में संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी आम एवं विधानसभा चुनाव में भाजपा बेहतर प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र में अपना प्रभाव और मजबूत करेगी।

वहीं, जिला अध्यक्ष गुरचरण नायक ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किया जाएगा, ताकि पार्टी भविष्य में और अधिक सशक्त बन सके। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी।
इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों एवं क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को लेकर भाजपा लगातार आवाज उठाती रहेगी। विशेष रूप से मनरेगा कर्मियों के नौ माह से लंबित मानदेय, वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन एवं मइया सम्मान योजना सहित अन्य पेंशन योजनाओं के नियमित एवं समय पर भुगतान की मांग की। उन्होंने राज्य सरकार से अविलंब बकाया राशि जारी करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में भाजपा कार्यकर्ताओं ने संगठन हित में एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। मौके पर मंडल के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।













