टाँगरसाई में छऊ नृत्य की धूम, विधायक संजीव सरदार ने किया उद्घाटन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur: पोटका पंचायत अंतर्गत टाँगरसाई गांव में पारंपरिक लोक कला और संस्कृति को समर्पित भव्य छऊ नृत्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि पोटका विधायक संजीव सरदार ने फीता काटकर एवं विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया। आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीण, कला प्रेमी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान छऊ कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा और आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों का मन मोह लिया। देर रात तक चले इस सांस्कृतिक आयोजन में लोक कला की रंगीन छटा देखने को मिली और ग्रामीणों में खासा उत्साह नजर आया।

इस अवसर पर विधायक संजीव सरदार ने कहा कि छऊ नृत्य झारखंड की गौरवशाली सांस्कृतिक पहचान और अमूल्य धरोहर है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन नई पीढ़ी को अपनी परंपरा, संस्कृति और लोक कला से जोड़ने का कार्य करते हैं। विधायक ने कलाकारों और आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार लोक संस्कृति और पारंपरिक कलाओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए लगातार प्रयासरत है।

उन्होंने युवाओं से अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और आगे बढ़ाने का आह्वान भी किया।

कार्यक्रम में सतीश सरदार, आनंद दास, मुनिलाल सरदार, जयसिंह सरदार, हराधन मुंडा, दीपु मंडल, सालखन हांसदा, आलू दास, पोलटू सरदार, लेढा दास, दीपक मुंडा समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। ग्रामीणों ने विधायक संजीव सरदार की सांस्कृतिक आयोजनों में सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से क्षेत्र की लोक कला और परंपराओं को नई पहचान मिल रही है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.