यूसीआईएल के खिलाफ ग्राम सभाओं का मोर्चा तेज, नाम्दुप बैठक में बाघराय मार्डी को सौंपी गई आंदोलन की कमान

SHARE:

Jadugoda : पूर्वी सिंहभूम जिले के जादूगोड़ा क्षेत्र में यूसीआईएल प्रबंधन के खिलाफ स्थानीय ग्राम सभाओं का विरोध अब तेज होता नजर आ रहा है। सोमवार को नाम्दुप गांव में आयोजित एक अहम बैठक में विस्थापित एवं प्रभावित गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में जुटे और मजदूरों की बहाली, अवैध वसूली तथा पर्यावरणीय समस्याओं को लेकर आंदोलन की रणनीति तैयार की।

बैठक में नांदूप और तुरामडीह ग्राम सभा के प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि यूसीआईएल से जुड़े ठेकेदारों द्वारा विस्थापित परिवारों के करीब 10 मजदूरों को बिना कारण काम से हटा दिया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले उन्हें पुनर्बहाली का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।


ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि तुरामडीह माइंस में कार्यरत मजदूरों से प्रतिदिन लगभग 50 रुपये की अवैध वसूली की जा रही है। विरोध करने वाले मजदूरों को काम से बैठा देने की धमकी दी जाती है, जिससे श्रमिकों में भय का माहौल है।


बैठक में पर्यावरणीय समस्याओं का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। ग्रामीणों ने कहा कि माइंस क्षेत्र में लगातार हो रही ब्लास्टिंग से पुराने नांदूप गांव के कई घरों में दरारें पड़ चुकी हैं। वहीं खदानों से उड़ने वाली धूल के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने और प्रदूषण पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।


बैठक में सर्वसम्मति से पूर्व जिला परिषद सदस्य बाघराय मार्डी को आंदोलन का नेतृत्व सौंपा गया। ग्रामीणों ने उनका स्वागत करते हुए अपनी समस्याओं से अवगत कराया।

इस दौरान बाघराय मार्डी ने कहा कि विस्थापित और प्रभावित ग्रामीणों के साथ लंबे समय से अन्याय हो रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि यूसीआईएल प्रबंधन ने जल्द समाधान नहीं निकाला, तो व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर माइंस का संचालन भी ठप कराया जाएगा।


ग्राम सभा प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में यूसीआईएल तुरामडीह माइंस के मुख्य द्वार पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की मांग की है।

बैठक के बाद पूरे क्षेत्र में आंदोलन को लेकर हलचल तेज हो गई है और आने वाले दिनों में यूसीआईएल प्रबंधन के खिलाफ बड़े विरोध प्रदर्शन की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Comment