Saraikela : कपाली ओपी क्षेत्र में माइक्रो फाइनेंस कर्मी से दिनदहाड़े डेढ़ लाख रुपये की लूट और फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कुख्यात अपराधी तारिक कुरैशी उर्फ अयान कुरैशी को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कपाली लाकर लगभग डेढ़ किलोमीटर तक हथकड़ी लगाकर पैदल चलाया गया। सड़क पर पुलिस के घेरे में चलते आरोपी को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई और स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की।
जानकारी के अनुसार, 7 मई 2026 की दोपहर करीब 3:15 बजे कपाली ओपी क्षेत्र के डैमडूबी अंसारनगर में रबाना खातून के घर के पास अपराधियों ने एक माइक्रो फाइनेंस कर्मी को निशाना बनाया था। बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग की और करीब डेढ़ लाख रुपये लूटकर फरार हो गए थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी इनपुट और अन्य भौतिक साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान मुख्य आरोपी के रूप में तारिक कुरैशी का नाम सामने आया।
पुलिस के अनुसार आरोपी मूल रूप से डैमडूबी का रहने वाला है, लेकिन पहचान छिपाकर नागपुर के ताजबाग अयोध्या नगर इलाके में रह रहा था। पुलिस टीम ने नागपुर में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल 7.65 एमएम का एक लोडेड पिस्टल और एक जिंदा गोली भी बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक तारिक कुरैशी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। वह वर्ष 2021 के चर्चित जब्बार अंसारी हत्याकांड का मुख्य आरोपी है और पिछले सात वर्षों से फरार चल रहा था।
उसके खिलाफ चांडिल और कपाली ओपी में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और आर्म्स एक्ट समेत पांच गंभीर मामले दर्ज हैं। आरोपी पर वर्ष 2016, 2019 और 2021 के विभिन्न मामलों में केस दर्ज हैं।
आरोपी की गिरफ्तारी में कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन Kumar, सब-इंस्पेक्टर रंजीत कुमार सिंह, मनोज कुमार मिश्रा, आरक्षी दस्तगीर आलम तथा जिला पुलिस की तकनीकी शाखा के कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











