Jamshedpur : पोटका विधायक संजीव सरदार ने पोटका प्रखंड के शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं की जनगणना ड्यूटी को लेकर पूर्वी सिंहभूम उपायुक्त से मुलाकात कर महत्वपूर्ण मांग रखी है। विधायक ने प्रशासन से आग्रह किया है कि पोटका के शिक्षकों की जनगणना ड्यूटी जमशेदपुर शहरी क्षेत्र से हटाकर स्थानीय स्तर यानी पोटका प्रखंड में ही निर्धारित की जाए, ताकि विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित न हो।
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि उन्हें लगातार ग्रामीणों, अभिभावकों एवं जनप्रतिनिधियों से शिकायतें मिल रही हैं कि पोटका प्रखंड के कई शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों की ड्यूटी जनगणना कार्य के लिए जमशेदपुर में लगा दी गई है। इससे ग्रामीण विद्यालयों में पठन-पाठन व्यवस्था बाधित होने की आशंका बढ़ गई है।
उन्होंने कहा कि कई विद्यालयों के प्रधानाध्यापक भी जनगणना ड्यूटी के कारण स्कूलों से बाहर रहेंगे, जिसका सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई और विद्यालय संचालन पर पड़ेगा। शिक्षा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए शिक्षकों की तैनाती स्थानीय क्षेत्र में ही की जानी चाहिए।
विधायक ने उपायुक्त का ध्यान इस ओर आकृष्ट करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पहले से ही शिक्षकों की संख्या सीमित है। ऐसे में शिक्षकों को दूरस्थ शहरी क्षेत्रों में जनगणना कार्य के लिए भेजने से स्कूलों की नियमित शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित होंगी।
संजीव सरदार ने कहा कि इस मुद्दे को लेकर ग्रामीणों एवं अभिभावकों में नाराजगी बढ़ रही है। लोगों का मानना है कि यदि स्थानीय शिक्षकों को अपने ही क्षेत्र में जनगणना कार्य सौंपा जाए तो शिक्षा व्यवस्था भी प्रभावित नहीं होगी और प्रशासनिक कार्य भी बेहतर ढंग से संपन्न हो सकेगा।
विधायक ने उपायुक्त से मांग की है कि पोटका प्रखंड के शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं की जनगणना ड्यूटी जमशेदपुर से हटाकर पोटका क्षेत्र में ही लगाई जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो और ग्रामीणों की चिंता भी दूर हो सके।










