Guwa : : गुवा क्षेत्र के बिचाईकिरी गांव में ग्राम सुरक्षा समिति एवं बाल अधिकार सुरक्षा मंच की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा तथा गांव की विभिन्न मूलभूत समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में बच्चों की नियमित स्कूल उपस्थिति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही जिन बच्चों का आधार कार्ड अब तक नहीं बना है, उनकी सूची तैयार कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराने का निर्णय लिया गया।
ग्राम सुरक्षा समिति की बैठक में यह भी तय किया गया कि प्रत्येक माह के दूसरे शनिवार को नियमित बैठक आयोजित की जाएगी। इन बैठकों में गांव एवं टोला की समस्याओं पर चर्चा कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही स्कूलों का नियमित निरीक्षण करने पर भी सहमति बनी। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति शत-प्रतिशत है।
बैठक में बिचाईकिरी स्कूल से मध्य विद्यालय जाने वाले करीब 15 बच्चों के लिए बस सुविधा नहीं होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। अभिभावकों ने कहा कि परिवहन सुविधा के अभाव में बच्चों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने इस समस्या के समाधान की मांग की।
ग्रामीणों ने कहा कि बिचाईकिरी गांव गुवा सेल के पोषक क्षेत्र में होने के बावजूद शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं से अब तक वंचित है।
बैठक में बाल अधिकार सुरक्षा मंच की सदस्य पदमा केसरी, जेएसएलपीएस की जेंडर सीआरपी गीता देवी, एस्पायर संस्था की शताक्षी दास सहित गांव की कई महिलाएं मौजूद थीं।










