जनशिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त ने सुनी लोगों की समस्याएं, कई मामलों का ऑन द स्पॉट समाधान

SHARE:

Jamshedpur : समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित जनशिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त Rajeev Ranjan ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता पूर्वक सुना। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अपनी व्यक्तिगत, सामाजिक एवं जनहित से जुड़ी समस्याओं को लेकर आवेदन और ज्ञापन सौंपे।

जनशिकायत निवारण दिवस के दौरान गंभीर बीमारियों के इलाज हेतु चिकित्सा सहायता, आरटीई के तहत निजी विद्यालयों में नामांकन, दीदी कैफे संचालन के लिए स्थल आवंटन, लंबित भुगतान, लगान रसीद निर्गत करने, होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया, निजी जमीन से हाई टेंशन विद्युत लाइन हटाने, जमीन विवाद, मनरेगा नियुक्ति, आर्म्स लाइसेंस, सामाजिक सुरक्षा पेंशन एवं पारिवारिक विवाद सहित विभिन्न मामलों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।

उपायुक्त ने सभी मामलों को संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने का निर्देश संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को दिया। उन्होंने कहा कि जनशिकायत निवारण दिवस का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों पर समयबद्ध कार्रवाई करते हुए पात्र आवेदकों को नियमानुसार लाभ उपलब्ध कराया जाए। कार्यक्रम के दौरान कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य मामलों में संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Leave a Comment