Adityapur : सरायकेला में झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को जिला मुख्यालय पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित कर बिजली और पानी की समस्या को लेकर जोरदार विरोध दर्ज कराया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जनसमस्याओं के समाधान की मांग उठाई।
धरना कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा सरायकेला जिला अध्यक्ष हरे कृष्णा प्रधान ने कहा कि भीषण गर्मी और सुखाड़ की स्थिति में पूरा जिला बिजली कटौती और जल संकट से त्रस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आम जनता की मूलभूत समस्याओं के समाधान में पूरी तरह विफल साबित हुई है।
उन्होंने बताया कि भाजपा की ओर से जिला प्रशासन को करीब 300 खराब चापाकलों की सूची सौंपी गई है और उन्हें जल्द दुरुस्त करने की मांग की गई है। साथ ही बिजली बिलों में गड़बड़ी और स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं को लेकर भी सरकार को घेरा गया।

हरे कृष्णा प्रधान ने कहा सरकार एक तरफ बिजली बिल माफी का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर गरीबों को हजारों रुपये के बकाया बिल थमाए जा रहे हैं। यदि सरकार समय रहते नहीं चेती तो भाजपा राज्यव्यापी उग्र जन आंदोलन करेगी।
भाजपा नेताओं ने स्पष्ट किया कि यह धरना केवल चेतावनी है और जनता के अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक जारी रहेगी।
धरना-प्रदर्शन में मुख्य रूप से दिनेशानंद गोस्वामी, अभय सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह देव, आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार, पूर्व डिप्टी मेयर अमित सिंह बॉबी, अनंतराम टुडु, ललन शुक्ला, सतीश शर्मा, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष रितिका मुखी, सारथी महतो, अनिता पारित, अनीशा सिन्हा, सुनीता मिश्रा समेत सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।











