Tata Motors Union : टाटा मोटर्स यूनियन में संजीव रंजन का भव्य स्वागत, मिलन समारोह में जुटे श्रमिक नेता

SHARE:

Jamshedpur : टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के नवनिर्वाचित सहायक सचिव संजीव रंजन के आवास पर रविवार को इंटक (INTUC) और यूनियन पदाधिकारियों के लिए भव्य मिलन समारोह का आयोजन किया गया। उनके निर्वाचित होने की खुशी में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में यूनियन सदस्य, श्रमिक नेता और प्रबंधन के अधिकारी शामिल हुए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बन्ना गुप्ता, यूनियन के महामंत्री आर.के. सिंह तथा अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद उपस्थित रहे। इसके अलावा परविंदर सिंह, रामाश्रय प्रसाद, शैलेश पांडेय, विजय यादव और परितोष सिंह समेत कई गणमान्य लोग भी समारोह में शामिल हुए।

समारोह की शुरुआत में संजीव रंजन ने अतिथियों का अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस मौके पर बन्ना गुप्ता ने कहा कि देश का भविष्य युवा पीढ़ी के कंधों पर है और असंगठित क्षेत्र की समस्याओं को लेकर मजबूत आंदोलन की आवश्यकता है।

महामंत्री आर.के. सिंह ने संजीव रंजन को बधाई देते हुए कहा कि वर्तमान समय में संगठन को युवा नेतृत्व से काफी उम्मीदें हैं। उन्होंने कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए प्रबंधन के साथ निरंतर संवाद और कलेक्टिव बार्गेनिंग (सामूहिक सौदेबाजी) को जरूरी बताया।

समारोह में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और टाटा मोटर्स प्रबंधन के कई पदाधिकारियों ने भी शिरकत की और संजीव रंजन को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के अंत में संजीव रंजन ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे। उनके सहायक सचिव बनने से कर्मचारियों के बीच खासा उत्साह देखा गया है।

Leave a Comment