झाड़ग्राम लोकसभा की सातों सीटों पर पहली बार खिला कमल, डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी का जमशेदपुर में भव्य अभिनंदन

SHARE:

Jamshedpur : पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम लोकसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत के बाद जमशेदपुर में जश्न का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर झारखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं झाड़ग्राम लोकसभा प्रभारी डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी का भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा गर्मजोशी से अभिनंदन किया गया।

बुधवार को भाजपा जमशेदपुर महानगर के जिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बिष्टुपुर स्थित उनके आवास पहुंचे, जहां उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई दी गई। कार्यकर्ताओं ने इस ऐतिहासिक जीत में उनकी भूमिका की सराहना करते हुए इसे संगठन की बड़ी उपलब्धि बताया।

ज्ञात हो कि झाड़ग्राम लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सभी सात विधानसभा सीटों पर भाजपा ने पहली बार जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया है। इनमें झाड़ग्राम जिले की चारों सीटें, पश्चिम मेदिनीपुर की दो सीटें तथा पुरुलिया की एक सीट शामिल है। इस अभूतपूर्व सफलता का श्रेय पार्टी नेतृत्व द्वारा डॉ. गोस्वामी को सौंपी गई जिम्मेदारी और उनके कुशल मार्गदर्शन को दिया जा रहा है।

इस मौके पर डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता, केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और गृह मंत्री अमित शाह की रणनीतिक नेतृत्व क्षमता को दिया। उन्होंने कहा कि यह जीत पश्चिम बंगाल की जनता द्वारा विकास, सुशासन और राष्ट्रवाद के पक्ष में दिया गया स्पष्ट जनादेश है।

उन्होंने आगे कहा कि राज्य की जनता ने भय, तुष्टिकरण और राजनीतिक हिंसा की राजनीति को नकारते हुए सकारात्मक बदलाव के लिए मतदान किया है। उन्होंने इस सफलता के लिए सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और मतदाताओं का आभार व्यक्त किया।

इस दौरान जिला उपाध्यक्ष संजीव सिंह, रूबी झा, अमरजीत सिंह राजा, जिला महामंत्री राजीव सिंह, जितेंद्र राय, जिला मंत्री तन्मय झा, भाजयुमो जिलाध्यक्ष नीतीश कुशवाहा समेत कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने डॉ. गोस्वामी को शुभकामनाएं देते हुए उनके नेतृत्व की सराहना की।

Leave a Comment