खरसावां हत्याकांड का खुलासा: पत्नी ने रची थी साजिश, चार आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजे गए

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Seraikela : खरसावां थाना क्षेत्र के कांटाडीह गांव में युवक की गला काटकर की गई निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस हत्याकांड की साजिश मृतक की पत्नी द्वारा ही रची गई थी।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर सावैया ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मृतक बाया सरदार (41) की हत्या की साजिश उसकी पत्नी सुनिता सरदार ने रची थी। इस अपराध को अंजाम देने में सोमा सिंह मुंडा, बीर सिंह मुंडा और बीरा मुंडा ने उसका साथ दिया। पुलिस ने सभी चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

घटना के संबंध में बताया गया कि शनिवार रात अज्ञात हमलावरों ने बाया सरदार पर उस समय हमला किया, जब वह अपने घर में सो रहा था। धारदार हथियार से उसका गला काट दिया गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। रविवार सुबह उसका शव घर में मिला, जिसके बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया, जिसमें पुलिस निरीक्षक संजय प्रसाद, खरसावां थाना प्रभारी गौरव कुमार, आमदा ओपी प्रभारी रामरेखा पासवान सहित अन्य अधिकारी शामिल थे। टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर तेजी से कार्रवाई करते हुए मामले का उद्भेदन किया।

जांच के दौरान मृतक की पत्नी सुनिता सरदार को गिरफ्तार किया गया, जिसकी निशानदेही पर अन्य तीन आरोपियों को भी पकड़ा गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त फरसा बरामद किया है, साथ ही एक स्कूटी और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में शामिल सोमा मुंडा उर्फ लुबु मुंडा पहले से ही कुचाई थाना का वांछित अपराधी था, जिस पर आर्म्स एक्ट और यूएपीए समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बाया सरदार शराब के नशे में अक्सर पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट करता था, जिससे तंग आकर सुनिता सरदार ने अपने भाई और भतीजे के साथ मिलकर इस हत्या की साजिश रची।

पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच कर रही है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें