Jamshedpur : जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित 66, के रोड परिसर में सोमवार को किरणमयी डे और प्रीतिलता वाड्डेदार के जन्मदिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि एवं स्मरण सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने दोनों महान विभूतियों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इस अवसर पर Sreeleathers ग्रुप के पार्टनर एवं वरिष्ठ समाजसेवी शेखर डे ने कहा कि 5 मई केवल एक तारीख नहीं, बल्कि संघर्ष, त्याग और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देने वाला ऐतिहासिक दिन है। उन्होंने प्रीतिलता वाड्डेदार के बलिदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अंग्रेजी शासन के खिलाफ अदम्य साहस का परिचय देते हुए देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर किए।
शेखर डे ने कहा कि किरणमयी डे के मार्गदर्शन और मूल्यों के कारण ही श्रीलेदर्स आज देश-विदेश में एक विश्वसनीय और लोकप्रिय ब्रांड के रूप में स्थापित हुआ है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे ऐसे महान व्यक्तित्वों के जीवन से प्रेरणा लें और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखें।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि आज की पीढ़ी को इतिहास के इन महत्वपूर्ण अध्यायों को समझने और याद रखने की आवश्यकता है, क्योंकि ऐसे महान बलिदान ही देश की असली ताकत हैं।
इस अवसर पर जमशेदपुर महिला समिति की अध्यक्ष ज्योत्सना डे, श्रीलेदर्स ग्रुप की पुजारिनी डे, समाजसेवी अल्पना भट्टाचार्य, झारखंड बंगाली समिति की सचिव झरना कर, निखिल बांग्ला समिति के संयुक्त सचिव आशीष गुप्ता तथा नेताजी विचार मंच के अध्यक्ष पी.के. नंदी, मीरा शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।











