सरायकेला-राजनगर मार्ग पर आसुवा पुलिया बना ‘मौत का जाल’, 3 साल में तीसरी बार मरम्मत—गुणवत्ता पर उठे सवाल

SHARE:

Seraikela : सरायकेला से राजनगर होते हुए ओडिशा को जोड़ने वाली अहम सड़क पर स्थित आसुवा पुलिया इन दिनों हादसों का कारण बनती जा रही है। करोड़ों रुपये की लागत से बनी इस पुलिया में महज तीन साल के भीतर ही खतरनाक दरारें उभर आई हैं, जिससे इसकी गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, पुलिया का निर्माण हाल के वर्षों में ही किया गया था, लेकिन यह तीसरी बार मरम्मत की प्रक्रिया से गुजर रही है। पिछले करीब 20 दिनों से यहां मरम्मत कार्य जारी है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है। फिलहाल एक तरफा ट्रैफिक चलाया जा रहा है, जिसके कारण रोजाना जाम की स्थिति बन रही है और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिया की जर्जर हालत किसी बड़े हादसे को न्योता दे रही है। दरारों की वजह से वाहन चालकों में डर का माहौल है और वे इस मार्ग पर सफर करने से कतरा रहे हैं। लोगों ने जिला प्रशासन और निर्माण विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए पूछा है कि बार-बार खराब होने के बावजूद संवेदक (ठेकेदार) के खिलाफ सख्त कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही।

ग्रामीणों और राहगीरों ने आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से समझौता किया गया है, जिससे करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद पुलिया सुरक्षित नहीं रह पाई। उन्होंने इस मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषी संवेदक को ब्लैकलिस्ट करने की मांग की है।

यदि समय रहते पुलिया की समुचित मरम्मत और गुणवत्ता जांच नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में कोई बड़ी अनहोनी से इंकार नहीं किया जा सकता।

Leave a Comment

और पढ़ें