Saraikela carpenter assault : मजदूर दिवस पर कारपेंटर से मारपीट का आरोप, कॉन्स्टेबल समेत कई पर केस दर्ज

SHARE:

Adityapur : मजदूर दिवस के दिन सरायकेला में एक कारपेंटर के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित पंकजदेव शर्मा ने सरायकेला-खरसावां यातायात थाना में पदस्थापित कॉन्स्टेबल हरिओम मिश्रा और उनके साथियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए आदित्यपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

पीड़ित का आरोप है कि कॉन्स्टेबल हरिओम मिश्रा उससे लंबे समय से काम करवा रहे थे, लेकिन उचित मजदूरी नहीं दी जाती थी। बार-बार मुफ्त में काम के लिए घर बुलाया जाता था। जब उसने मना किया, तो 1 मई को उस पर हीरा और सोने की चेन चोरी का झूठा आरोप लगा दिया गया।

आरोप के अनुसार, यातायात कॉन्स्टेबल आनंद कुमार और अन्य लोगों ने पंकजदेव को आदित्यपुर थाना बुलाया, जहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। पीड़ित ने यह भी कहा कि उसे धमकी दी गई कि अगर उसने किसी को बताया तो और गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

यातायात कॉन्स्टेबल हरिओम मिश्रा की फाइल फोटो



मामले में कॉन्स्टेबल हरिओम मिश्रा से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया। कई बार समय देने के बावजूद वे कैमरे के सामने नहीं आए, हालांकि दूरभाष पर बातचीत होने की बात कही गई है।

आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद कुमार तिर्की ने बताया कि पीड़ित का आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले में जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


पीड़ित के पास व्हाट्सएप चैट, ऑडियो रिकॉर्डिंग और आवेदन की कॉपी मौजूद है। चैट में पहले डायमंड चोरी और बाद में सोने की चेन चोरी का आरोप लगाने की बात सामने आई है, जिससे मामले में संदेह और गहरा गया है।

सरायकेला के वरीय पुलिस अधिकारियों ने भी स्पष्ट किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल, मामले को सुलझाने के प्रयास की भी चर्चा है, लेकिन प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

Leave a Comment

और पढ़ें