मजदूर दिवस पर मेघाहातुबुरु-किरीबुरू में बाइक रैली, अस्पताल में मरीजों के बीच फल वितरण

SHARE:

Guwa : अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर झारखंड मजदूर संघर्ष संघ की मेघाहातुबुरु-किरीबुरू इकाई ने शहर में जोरदार उपस्थिति दर्ज कराते हुए श्रमिक एकता और अधिकारों का संदेश दिया। इस मौके पर अंबेडकर चौक से भव्य मोटरसाइकिल रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रमिक शामिल हुए।

रैली की शुरुआत अंबेडकर चौक से हुई, जहां श्रमिक एकत्रित होकर मोटरसाइकिलों पर सवार हुए और शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए मजदूर एकता, हक और सम्मान के समर्थन में नारे लगाए। रैली ने पूरे शहर का भ्रमण कर आम जनता का ध्यान आकर्षित किया और श्रमिकों की एकजुटता का प्रदर्शन किया।



रैली के समापन के बाद संघ के सदस्य सेल किरीबुरू जनरल अस्पताल पहुंचे, जहां मरीजों के बीच फल वितरण किया गया। इस पहल के माध्यम से श्रमिकों ने सामाजिक सरोकार निभाते हुए जरूरतमंदों के प्रति संवेदनशीलता भी दिखाई। मरीजों और उनके परिजनों ने इस पहल की सराहना की।

कार्यक्रम का नेतृत्व संघ के महासचिव अफताब आलम ने किया। इस दौरान इंतखाब आलम, अमरनाथ यादव, सुनील पासवान, संजय तिग्गा, मुन्ना राउत, सोमा नाग, अशोक पान, मोब्बसर समेत बड़ी संख्या में श्रमिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने मजदूरों के अधिकारों की रक्षा, संगठन को मजबूत करने और सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाने का संकल्प लिया।

Leave a Comment