सरायकेला में SAAMAR/CMAM प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत, कुपोषण उन्मूलन पर फोकस

SHARE:

Seraikela : जिले में कुपोषण उन्मूलन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए SAAMAR/CMAM कार्यक्रम के अंतर्गत प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत मंगलवार से की गई। जिला समाज कल्याण विभाग एवं यूनिसेफ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रशिक्षण का शुभारंभ कुकरू प्रखंड से किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को कुपोषण की पहचान, उसके प्रबंधन तथा सामुदायिक स्तर पर प्रभावी हस्तक्षेप की प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों की समय पर पहचान और उनके समुचित उपचार सुनिश्चित करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए।


अधिकारियों ने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जिले के सभी परियोजनाओं में चरणबद्ध तरीके से आयोजित किया जाएगा। इसके तहत सभी सेविकाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि कुपोषण के खिलाफ समन्वित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में संबंधित विभागों के पदाधिकारियों और कर्मियों की सक्रिय भागीदारी देखी गई। प्रशासन को उम्मीद है कि इस पहल से जिले में कुपोषण की समस्या को कम करने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।

Leave a Comment